देश

पत्नी का इलाज कराने आए बुजुर्ग को बाइक ने रौंदा, उपचार के दौरान मौत

पत्नी का इलाज कराने आए बुजुर्ग को बाइक ने रौंदा, उपचार के दौरान मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के नर्मदापुरम रोड पर अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने गुना से भोपाल आए 68 वर्षीय बुजुर्ग को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दवा लेने निकले थे अस्पताल से बाहर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मूलचंद चिढ़ार (68), निवासी जिला गुना के रूप में हुई है। मूलचंद अपनी पत्नी के गंभीर रूप से बीमार होने पर उन्हें भोपाल के सागर मल्टी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह वे पत्नी के लिए कुछ जरूरी सामान और दवाइयां लेने के लिए अस्पताल से बाहर निकले थे और सड़क पार कर रहे थे।

कार रुकी, लेकिन बाइक सवार नहीं कर पाया नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मूलचंद जब सड़क पार कर रहे थे, तभी मंडीदीप की ओर से एक तेज रफ्तार कार और बाइक आ रही थी। बुजुर्ग को सामने देख कार चालक ने तो सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे वे बाल-बाल बचे। लेकिन ठीक पीछे आ रहा बाइक सवार अपनी रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

बाइक सवार ने ही पहुँचाया अस्पताल
हादसे के बाद बाइक सवार युवक ने भागने के बजाय मानवता दिखाई। उसने तुरंत घायल बुजुर्ग को उठाकर उसी अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उनकी पत्नी का इलाज चल रहा था। हालांकि, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

परिजन शव लेकर गुना रवाना
मिसरोद थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुँची और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अपनी माँ के इलाज की उम्मीद लेकर आए बेटे अब पिता का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव गुना रवाना हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button