ई रिक्शा-डंपर टक्कर : ननिहाल में नहीं गूंजेगी नन्हे कार्तिक की किलकारी
नर्मदा दर्शन से लौट रहे ई रिक्शा सवार परिवार को डंपर ने मारी टक्कर, मौके पर बच्चे की मौत,8 गंभीर रूप से घायल

जबलपुर यश भारत। बीती रात 10:30 बजे नर्मदा दर्शन करके लौट रहे ई रिक्शा सवार परिवार को खमरिया के पास एक डंपर ने टक्कर मार दी जिसके बाद ई-रिक्शा पलट गया और डंपर भी आगे जाकर गड्ढे में गिर गया जिसमें की पूरी रेत भी सड़क पर सामने आ गिरी वहीं दूसरी तरफ ई रिक्शा सवार परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया जिसमें की मौके पर परिवार के बच्चे की मौत हो गई । पूरे क्षेत्र में अफ़रा तफरी का माहौल निर्मित हो गया और किसी ने घटनास्थल से खमरिया थाने में सूचना दी जिसके बाद खमरिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए तुरंत विक्टोरिया अस्पताल के पास भेजा जहां घायल लोगों का इलाज चल रहा है
यह है घटनाक्रम- रूबी दहिया, अरुण दहिया, अमित वंशकार किरण दहिया,उपासना ,कनिष्क ,लकी ,कार्तिक रात में 10:30 बजे ई रिक्शा से नर्मदा दर्शन करने के बाद अपने घर की तरफ पिपरिया की ओर जा रहे थे तभी रास्ते झिरिया मंदिर के पास अनियंत्रित डंपर ने ई-रिक्शा को उड़ा दिया और खुद भी जाकर गड्ढे में गिर गया और तुरंत डंपर का चालक मौके से फरार हो गया। घटनाक्रम इतना वीभत्स था कि ई-रिक्शा में बैठा पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया सभी घायलों को उपचार हेतु रांझी स्थित छोटे मेडिकल की तरफ ले जाया गया जहां उपचार के दौरान 8 साल के बालक कार्तिक ने दम तोड़ दिया। बाकी घायलों को मेडिकल रेफर किया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है ई-रिक्शा का ड्राइवर अमित वंशकार की हालत गंभीर बनी हुई है और सभी घायलों का इलाज जारी है
राजस्थान से आए थे नानी के घर घूमने
प्राप्त जानकारी के अनुसार कनिष्क,लकी ,कार्तिक यह तीनों बच्चे राजस्थान से अपनी नानी के घर घूमने आए हुए थे और सुबह से ही नर्मदा जी जाने का कार्यक्रम बन गया था । दर्शन करने को लेकर शाम को पिपरिया से ग्वारीघाट पहुंचे जहां ,सभी ने दर्शन करने के उपरांत रांझी स्थित अपने रिश्तेदार के घर रात का खाना खाया और वहां से पिपरिया स्थित अपने निवास की ओर निकल गए जहां पर यह घटना दुखद रूप से घटित हुई इस कार्तिक अपनी जिंदगी से हार गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
झिरिया मंदिर के पास ई-रिक्शा को डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी जिसके बाद ई रिक्शा में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल है इस दौरान एक बच्चे की मौत हो गई है बाकी सभी का इलाज मेडिकल में जारी है वहीं दूसरी तरफ डंपर चालक मौके से भाग गया है जिसकी तलाश जारी है
सरोजनी चौकसे थाना प्रभारी खमरिया







