आठ दिन से सड़क किनारे पड़ा नाले का कचरा, जिन्सी चौराहे पर दुर्गंध का डेरा

आठ दिन से सड़क किनारे पड़ा नाले का कचरा, जिन्सी चौराहे पर दुर्गंध का डेरा
– सफाई के बाद गंदगी उठाना भूला निगम, सेंटर प्वाइंट पर राहगीरों और फल ठेला संचालकों की बढ़ी मुश्किलें
यश भारत, भोपाल। जिन्सी चौराहे के सेंटर प्वाइंट के पास नगर निगम की सफाई व्यवस्था का ऐसा हाल सामने आया है, जिसने पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नाले की सफाई के दौरान निकाली गई गंदगी करीब आठ दिनों से सड़क किनारे ही पड़ी है। नाले से कचरा निकालने के बाद उसे मौके से हटाने की जिम्मेदारी पूरी नहीं होने से अब आसपास का माहौल बदबूदार हो गया है।
सड़क किनारे जमा गंदगी में नाले से निकला मलबा और कचरा शामिल है। कई दिनों से खुले में पड़े रहने के कारण इसमें से तेज दुर्गंध उठ रही है। सेंटर प्वाइंट ऐसा स्थान है जहां सुबह से रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। आसपास फल-फ्रूट के ठेले लगते हैं और एटीएम होने के कारण भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। ऐसे में गंदगी का असर सीधे आम लोगों की परेशानी के रूप में सामने आ रहा है।
ठेला संचालकों के लिए स्थिति और मुश्किल है। उन्हें लंबे समय तक इसी गंदगी और दुर्गंध के बीच ग्राहकों को सामान बेचना पड़ रहा है। राहगीरों को भी सड़क के किनारे से निकलते समय बदबू का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई का उद्देश्य तभी पूरा माना जा सकता है, जब निकला हुआ कचरा भी तत्काल हटाया जाए। केवल नाले से गंदगी निकालकर उसे सड़क किनारे छोड़ देना समस्या को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने जैसा है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक कचरा समय पर नहीं उठने से स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। लोगों को आशंका है कि गंदगी लंबे समय तक पड़ी रही तो आसपास मक्खियों और अन्य कीटों का प्रकोप भी बढ़ सकता है। व्यस्त चौराहे के पास ऐसी स्थिति सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी सवाल खड़े करती है।







