बिग बॉस में इंट्री के नाम पर डर्मेटोलॉजिस्ट के साथ दस लाख की ठगी -मुंबई की इमेंट कंपनी के डॉक्टर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

बिग बॉस में इंट्री के नाम पर डर्मेटोलॉजिस्ट के साथ दस लाख की ठगी
-मुंबई की इमेंट कंपनी के डॉक्टर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
राजधानी के एक डर्मेटोलॉजिस्ट (त्वचा रोग विशेषज्ञ) डॉक्टर के साथ मुंबई की एक इवेंट कंपनी के डॉयरेक्टर ने टीव्ही सीरियल बिग बॉस में इंट्री कराने के नाम पर दस लाख रूपए ठग लिए। ठगी के शिकार डॉक्टर ने बिग बॉस में इंट्री न होने के बाद जब अपना पैसा वापस मांग तो आरोपी ने इनकार कर दिया। तंग आकर फरियादी ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है।
एसआई उदय सिसोदे ने बताया कि फ्रेंड्स सोसायटी चूना भट्टी निवासी डॉ. अभिनीत गुप्ता(36) डर्मेटोलॉजिस्ट (त्वचा रोग विशेषज्ञ) हैं। उनकी कोलार रोड पर पॉइजन एंटी एजिंग स्किन नाम से क्लिनिक है। उन्होंने पुलिस को बताया कि अंधेरी वेस्ट मुंबई निवासी करण सिंह उर्फ प्रिंस नाम का व्यक्ति इवेंट कंपनी का डॉरेक्टर है। उसने अक्टूबर 2022 में उन्हें टीव्ही सीरियल बिग बॉस सीजन में इंट्री कराने की बात कही थी। उसने उन्हें बैकडोर इंट्री कराने का कहा था। इस पर करण सिंह ने उनसे दस लाख रूपए लिए और आश्वासन दिया था, बिग बॉस के आने वाले सीजन में वह प्रतिभागी होंगे। इसके बाद बिग बॉस के सभी प्रतिभागियों के नामों की घोषणा हो गई, लेकिन डॉक्टर अभिनीत गुप्ता का नाम नहीं आया। इस पर उन्होंने करण सिंह से बात कर पैसा वापस मांगा तो उसने आनाकानी शुरू कर दी। इसके बाद उसने उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया। जुलाई 2023 तक उन्होंने पैसा वापस लेने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन आरोपी ने पैसा नहीं लौटाया। तंग आकर डॉक्टर ने चूना भट्टी थाना पुलिस में लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी करण सिंह व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही मुंबई रवाना होगी।







