किलिमंजारो फतह कर लौटीं दीपिका गौतम, डीजीपी ने किया सम्मानित

किलिमंजारो फतह कर लौटीं दीपिका गौतम, डीजीपी ने किया सम्मानित
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश पुलिस की निरीक्षक दीपिका गौतम ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो फतह कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के बाद उन्होंने पुलिस मुख्यालय में डीजीपी कैलाश मकवाणा से सौजन्य भेंट की। डीजीपी ने दीपिका गौतम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता महिला सशक्तिकरण, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) में पदस्थ दीपिका गौतम ने 29 मई को किलिमंजारो पर्वत के गिलमैन्स प्वाइंट (5685 मीटर) पर पहुंचकर तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया था। इस अभियान में वह भारत की एकमात्र प्रतिभागी थीं। पांच दिन तक चले इस कठिन अभियान के दौरान उन्हें माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तापमान और चुनौतीपूर्ण मौसम का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हौसले और धैर्य के साथ सफलता हासिल की।






