भीम नगर में सीपी संजय कुमार ने नागरिकों के साथ किया जनसंवाद

भीम नगर में सीपी संजय कुमार ने नागरिकों के साथ किया जनसंवाद
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के भीम नगर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने क्षेत्र की वर्तमान पुलिस व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया और संवाद में कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आई। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों पर दी जानकारी
कार्यक्रम में नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। इसके साथ ही आपात स्थिति या किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर देने की अपील की गई।
नशा और अवैध हथियारों पर सख्त रुख
मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने विशेष मोबाइल नंबर 7587648330 जारी करते हुए कहा कि इस नंबर पर नशीले पदार्थों या अवैध हथियारों से जुड़ी जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।







