नया बाजार की दुकानों पर विवाद, नगर निगम ने 40 करोड़ वसूली का किया दावा दुकानदारों ने किया जमकर विरोध

जबलपुर, यश भारत। नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव की अध्यक्षता में आज एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें नया बाजार की दुकानों से जुड़े विवाद पर चर्चा की गई। बैठक में कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यह मामला काफी समय से लंबित था और इसका निपटारा करना अत्यंत आवश्यक है। प्रीति यादव ने बताया, नगर निगम के पास मौजूद दस्तावेज़ और शासन के नियमों के अनुसार, हम बकाया राशि की वसूली करेंगे। यह प्रक्रिया पूरी तरह से नियमानुसार होगी। दुकानदारों को पूरा सहयोग करना होगा। यदि कोई भुगतान नहीं करता है, तो बाजार विभाग और अतिक्रमण भवन शाखा द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों ने इस निर्णय का विरोध किया है। उनका कहना है कि नगर निगम नियम और कानून स्पष्ट करे, जिसके तहत इतनी बड़ी राशि वसूली जा रही है। दुकानदार सुशील अग्रवाल ने कहा, हम 80 लाख रुपये देने को तैयार हैं, लेकिन इसके बदले हमें दुकानों का मालिकाना हक दिया जाए। यदि हमें किराएदार के रूप में ही रखा जाना है, तो 80 लाख रुपये देना संभव नहीं है। दुकानदारों का कहना है कि राज्य सरकार ने 2012 में जारी एक आदेश में कहा था कि दुकानें कलेक्टर गाइडलाइन के तहत दी जाएंगी। इसमें 100 प्रतिशत राशि वसूलने का कोई जिक्र नहीं था।







