जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

e-KYC कराएं, नहीं तो घरेलू गैस सिलेंडर के लिए चुकानी पड़ सकती है कमर्शियल कीमत

जबलपुर,यशभारत

जबलपुर,यशभारत। रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत से ज्यादा चिंता की खबर सामने आई है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को आधार आधारित ई-केवाईसी (e-KYC) कराने के लिए एसएमएस भेजना शुरू कर दिया है। संदेश में कहा गया है कि 16 अगस्त तक ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरी करा लें, अन्यथा घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, यदि निर्धारित समय तक उपभोक्ता ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो उन्हें घरेलू गैस सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं को गैर-घरेलू (कमर्शियल) दर पर सिलेंडर लेना पड़ सकता है। वर्तमान में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 947.50 रुपये है, जबकि 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,935 रुपये है। यदि घरेलू उपभोक्ताओं को कमर्शियल दर चुकानी पड़ी तो उन पर करीब दो हजार रुपये अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब भी 39.84 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी बाकी है। वहीं, केवल भोपाल में पिछले पांच दिनों के दौरान सवा लाख से अधिक गैस बुकिंग रद्द होने की जानकारी सामने आई है, जिससे उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को सुविधा देते हुए ई-केवाईसी कराने के कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं। उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप, अपनी गैस एजेंसी या सिलेंडर डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के माध्यम से भी आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करा सकते हैं।

हालांकि, घरेलू ई-केवाईसी नहीं होने पर कमर्शियल दर से सिलेंडर देने संबंधी कोई आधिकारिक आदेश अभी तक गैस कंपनियों की ओर से जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद एजेंसी स्तर पर मिल रही जानकारियों और उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे संदेशों के कारण लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ताओं को समय रहते अपनी ई-केवाईसी अवश्य पूरी कर लेनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button