
जबलपुर, यश भारत। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव सोमवार को उस समय विवादों में घिर गए, जब मतदान के दौरान दोपहर करीब 12 बजे चुनाव परिसर का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। हंगामे के चलते मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई और पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह निर्धारित समय पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ था और बड़ी संख्या में अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे थे। लेकिन दोपहर होते-होते विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
इसी बीच जानकारी सामने आई कि चुनाव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक कथित रूप से नकली बैलेट पेपर मिलने की बात भी सामने आई है। इन आरोपों के बाद जिला न्यायालय बार एसोसिएशन के चुनाव को निरस्त कर दिया गया है।
हालांकि, चुनाव निरस्त किए जाने संबंधी विस्तृत कारणों और आधिकारिक आदेश का अभी इंतजार है। चुनाव अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। पूरे घटनाक्रम के बाद अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी और असमंजस का माहौल है। बताया जा रहा है कि चुनाव रद्द होने के बाद अब आगे की प्रक्रिया और नए मतदान की तिथि को लेकर निर्णय आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।







