भोपालमध्य प्रदेश

सीएम मोहन यादव का हेलीकॉप्टर टेकऑफ के दौरान डगमगाया, 36 सेकंड तक थमी रहीं सांसें

सीएम मोहन यादव का हेलीकॉप्टर टेकऑफ के दौरान डगमगाया, 36 सेकंड तक थमी रहीं सांसें

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को खंडवा जिले के पंधाना में एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। राज्य स्तरीय लाडली बहना योजना कार्यक्रम के बाद वापसी के दौरान मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर टेकऑफ करते समय अचानक हवा में अनियंत्रित होकर लड़खड़ाने लगा। करीब 36 सेकंड तक हेलीकॉप्टर की स्थिति देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और आम लोगों की सांसें अटकी रहीं। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से स्थिति पर काबू पा लिया गया और मुख्यमंत्री सुरक्षित भोपाल रवाना हुए।
क्या हुआ उस दौरान?
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जमीन से ऊपर उठा, वह अचानक बाईं ओर झुक गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर आगे बढ़ने के बजाय पीछे की ओर मुड़ने लगा और कुछ पलों के लिए हवा में ही स्थिर हो गया। धूल के गुबार और हेलीकॉप्टर के असामान्य मूवमेंट से वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई।
पायलट की सूझबूझ ने टाला खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे मैदान से टेकऑफ के कारण भारी मात्रा में धूल उड़ रही थी। पायलट ने विजिबिलिटी बनाए रखने और धूल को ज्यादा फैलने से रोकने के लिए तुरंत हेलीकॉप्टर की स्पीड कंट्रोल की। कुछ सेकंड के संघर्ष के बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर को स्टेबल किया और सही दिशा में मोड़ते हुए सुरक्षित उड़ान भरी।
इनका कहना है…
विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। टेकऑफ के समय दिशा सुधारने और उड़ती धूल के कारण पायलट ने गति धीमी की थी, जो एक सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा था। मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मनोज कुमार राय, एसपी, खंडवा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button