मॉर्निंग वॉक के दौरान बाघ से आमना-सामना, चंदनपुरा में दहशत

मॉर्निंग वॉक के दौरान बाघ से आमना-सामना, चंदनपुरा में दहशत
– दंपती के कुछ कदम की दूरी तक पहुंचा टाइगर, महिला के शोर मचाते ही झाड़ियों में हुआ ओझल
– वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
भोपाल, यश भारत । राजधानी के चंदनपुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों के सामने अचानक एक बाघ आ गया। सुबह की शांत फिजा कुछ ही पलों में दहशत में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ एक दंपती के बेहद करीब तक पहुंच गया था। महिला के जोर से चिल्लाने पर वह झाड़ियों की ओर मुड़ गया और देखते ही देखते घने इलाके में गायब हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है, जबकि वन विभाग की टीम लगातार बाघ की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार चंदनपुरा क्षेत्र में सुबह बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचते हैं। इसी दौरान एक दंपती पैदल घूम रहा था। महिला ने बताया कि अचानक उसके बिल्कुल पास से एक बड़ा जानवर निकला। शुरुआत में उसे लगा कि कोई आवारा कुत्ता होगा, लेकिन जैसे ही उसने गौर से देखा तो उसके होश उड़ गए। सामने बाघ था। उस समय उसके पति कुछ दूरी पर चल रहे थे। महिला ने घबराकर जोर से आवाज लगाई, जिसके बाद बाघ कुछ पल रुका और फिर झाड़ियों की ओर बढ़कर ओझल हो गया।
घटना के समय आसपास मौजूद कई अन्य लोगों ने भी बाघ को देखने का दावा किया। कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने बाघ की दहाड़ भी सुनी। अचानक बाघ के दिखाई देने की खबर फैलते ही मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग जान बचाकर वहां से भाग निकले, जबकि कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी से मोबाइल पर बाघ का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के जंगल तथा झाड़ियों में सर्चिंग अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर बाघ की आवाजाही के संभावित रास्तों की भी पड़ताल की। स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल से लगे क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की गई है।
चंदनपुरा क्षेत्र में वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए लोहे की जाली लगाई गई है, लेकिन उसका एक हिस्सा खुला हुआ है। आशंका है कि बाघ इसी रास्ते से जंगल और आबादी वाले क्षेत्र के बीच आवाजाही कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक बाघ की लोकेशन पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
घटना के बाद चंदनपुरा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और खुले हिस्से को तत्काल बंद कराने की मांग की है। वहीं वन विभाग का कहना है कि बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त अमले की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।







