भोपाल मंडल में “स्वच्छता ही सेवा” का महाअभियान, SBI ने भेंट की 4 व्हीलचेयर

भोपाल मंडल में “स्वच्छता ही सेवा” का महाअभियान, SBI ने भेंट की 4 व्हीलचेयर
एडीआरएम और सीनियर डीसीएम ने किया श्रमदान
भोपाल, यशभारत। पश्चिम मध्य रेल (पमरे) के भोपाल मंडल में आज “स्वच्छ भारत मिशन” के तहत “स्वच्छता ही सेवा-2025” अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाया गया। इस दौरान “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया गया, जिसमें मंडल के शीर्ष अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भोपाल रेलवे स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) और सीनियर डीसीएम (वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक) सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबह एक घंटा श्रमदान किया।
व्यापक स्तर पर श्रमदान
यह अभियान केवल भोपाल स्टेशन तक सीमित नहीं रहा। डीआरएम कार्यालय, मंडल के प्रमुख स्टेशन जैसे संत हिरदाराम नगर, बीना, गुना, इटारसी, और रानी कमलापति में भी अधिकारियों और रेल कर्मचारियों ने सफाई की। इसके अलावा, रेलवे चिकित्सालय, रनिंग रूम, कैरिज एंड वैगन कार्यालय, और डीजल शेड इटारसी में भी व्यापक श्रमदान किया गया। रेलवे कॉलोनियों में भी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक साफ-सफाई की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की इन गतिविधियों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
कटारिया ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता की इसी कड़ी में 27 सितंबर को “स्वच्छ आहार अभियान” चलाया जाएगा। इस पहल के तहत अधिकारी विश्राम गृहों, सभी प्रमुख स्टेशनों, रनिंग रूम्स और ट्रेनों में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण आहार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

SBI की CSR पहल: 4 व्हीलचेयर भेंट
स्वच्छता अभियान के साथ ही, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपनी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) स्कीम के तहत एक महत्वपूर्ण सहयोग किया। एसबीआई ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए 4 व्हीलचेयर भेंट कीं।







