मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिवसीय स्टार्टअप समिट 2026 का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिवसीय स्टार्टअप समिट 2026 का किया शुभारंभ
बोले- नवाचार और आत्मनिर्भरता ही प्रदेश की आर्थिक मजबूती की नींव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के रवींद्र भवन में सोमवार को दो दिवसीय स्टार्टअप समिट 2026 का शानदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप अब देश का युवा ‘रोजगार लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला’ बन रहा है। 2016 में शुरू हुई ‘स्टार्टअप इंडिया’ मुहिम आज जमीन पर एक बड़े बदलाव के रूप में दिखाई दे रही है।
दुनिया में भारत का डंका, MP बनेगा हब
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गर्व जताते हुए कहा कि आज भारत स्टार्टअप इकोसिस्टम के मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश सरकार स्टार्टअप्स को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। नई नीतियों, वित्तीय सहायता और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से प्रदेश को देश का ‘स्टार्टअप हब’ बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं की ऊर्जा को प्रदेश की आर्थिक प्रगति का आधार बताया।
विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र
समिट के पहले दिन प्रदेशभर से आए सैकड़ों नवाचारकर्ताओं और निवेशकों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में स्टार्टअप्स को बिजनेस मॉडल तैयार करने, फंडिंग जुटाने, मार्केट एक्सेस और तकनीकी बारीकियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री चेतन कश्यप और मुख्य सचिव अनुराग जैन ने भी प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण पर अपनी बात रखी।
दो दिवसीय इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मेंटरशिप उपलब्ध कराना और उन्हें निवेशकों से सीधे जोड़ना है। समिट के पहले दिन युवाओं का उत्साह यह स्पष्ट कर रहा था कि मध्य प्रदेश अब नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छूने को तैयार है।







