बड़े बकायदारों पर चालान निगम का चाबुक, कुर्की की कार्यवाही भी प्रारंभ दिखने लगा असर, राजस्व वसूली में आई तेजी

जबलपुर, यश भारत। नगर निगम द्वारा बड़े बकायदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है जिसको लेकर अब नोटिस के बाद कुर्की भी प्रारंभ हो गई है। निगमायुक्त प्रीति यादव द्वारा दिखाई गई सख्ती के उपरांत राजस्व वसूली अभियान में धीरे धीरे तेजी आने लगी है।उपायुक्त, सहायक आयुक्त, विभागीय प्रमुखों एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी भी बकाया करों की राशि वसूलने मैदान में उतर आये हैं। जिसके परिणाम स्वरूप बड़े बकायादारों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 23 करदाताओं की सम्पत्तियॉं अलग अलग संभागों के अंतर्गत कुर्क की गई है। भवनों को कुर्क करने के साथ-साथ बकायादारों को 24 घंटे का नोटिस जारी कर कहा गया है कि 24 घंटे के अंदर समस्त बकाया करों की राशि जमा करें अन्यथा वैधानिक प्रक्रियाओं को पूर्ण कराते हुए कुर्क सम्पत्तियों को नीलाम करने की कार्रवाई की जायेगी।
अधिकारियों ने दिखाई शक्ति तो शुरू हो गई वसूली
संभाग 13 अंतर्गत स्वामी दयानंद सरस्वती वार्ड में वसूली की कार्यवाही की गई। इस मौके पर गोपीबाई उर्फ शांतिबाई चौधरी पर 8 लाख 81 हजार 2 सौ 80 रुपये की राशि बकाया एवं सरदार रजिन्दर सिंह (तन्हाई बार एण्ड रेस्टोरेन्ट) पर 5 लाख 18 हजार 5 सौ 58 रुपये की राशि बकाया होने पर कुर्की की कार्रवाई की गई और संबंधितों को 3 दिन की अंतिम सूचना भी दी गई है। बकाया राशि जमा न होने की स्थिति में उक्त संपत्ति की कुर्की एवं नीलामी की कार्यवाही की जावेगी। उन्होंने बताया कि निगमायुक्त प्रीति यादव के निर्देशानुसार अब कुर्की की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। संभाग क्रमांक 7, 8, 10, 13, और 15 के अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उक्त सभी संभागीय अधिकारियों एवं राजस्व निरीक्षकों के द्वारा कुर्की की कार्रवाई की गई।