मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 का आगाज़, सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्व गणना पोर्टल से किया शुभारंभ

मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 का आगाज़, सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्व गणना पोर्टल से किया शुभारंभ
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से स्व गणना पोर्टल पर प्रारंभिक पंजीकरण कर इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना किसी भी राज्य और देश के समग्र विकास की आधारशिला होती है। इससे प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों, योजनाओं और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। सरकार द्वारा शुरू की गई स्व गणना प्रणाली के माध्यम से अब आम नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध हो सकेगी। इससे जनगणना कार्य में तेजी आने के साथ ही डेटा की सटीकता भी सुनिश्चित होगी। बताया गया है कि जनगणना 2027 के तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल माध्यम से शुरू की गई यह पहल प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार लाने के साथ साथ आमजन की भागीदारी बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।







