जर्जर क्वार्टर खाली कराने के विरोध में उतरी महिलाओं पर केस

जर्जर क्वार्टर खाली कराने के विरोध में उतरी महिलाओं पर केस
हाउसिंग बोर्ड की सुरक्षा दलील और रहवासियों के विरोध के बीच ऐशबाग पुलिस की एफआईआर ने बढ़ाया तनाव
भोपाल,यशभारत। राजधानी के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर खाली कराने की कार्रवाई अब सुरक्षा और आशियाने को बचाने के सीधे टकराव में बदल गई है। करीब 600 जर्जर क्वार्टरों को लेकर मध्य प्रदेश गृह निर्माण मंडल (हाउसिंग बोर्ड) की सख्ती के बीच विरोध कर रही महिलाओं पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज होने से विवाद और गहरा गया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने की घटना के बाद मामला संवेदनशील हो गया था। इसके बावजूद हाउसिंग बोर्ड की शिकायत पर ऐशबाग पुलिस ने जहरीला पदार्थ खाने वाली महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस कदम से रहवासियों में नाराजगी और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सुरक्षा की दलील और बेघर होने की चिंता
हाउसिंग बोर्ड का कहना है कि क्वार्टर जर्जर हो चुके हैं, ऐसे में किसी बड़े हादसे को टालने के लिए इन्हें खाली कराना जरूरी है। दूसरी ओर, रहवासियों का तर्क है कि बिना ठोस वैकल्पिक व्यवस्था किए कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सिर से छत छिनने का खतरा है। करीब 600 परिवारों से जुड़े इस प्रकरण में अब कानूनी कार्रवाई, प्रशासनिक दबाव और स्थानीय विरोध के बीच संतुलन साधना पुलिस व प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।







