काम और निवेश का झांसा देकर कारोबारी को फ्लैट में बनाया बंधक – विदिशा ले जाकर इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी ली, भोपाल में चाकू अड़ाकर मोबाइल-टैबलेट और चेकबुक छीनी

काम और निवेश का झांसा देकर कारोबारी को फ्लैट में बनाया बंधक
– विदिशा ले जाकर इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी ली, भोपाल में चाकू अड़ाकर मोबाइल-टैबलेट और चेकबुक छीनी
भोपाल, यश भारत । कटारा हिल्स इलाके में कंपनी में निवेश और बड़े प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। कारोबारी का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसे अपने साथ काम करने पर मुनाफे में तीन प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसे विदिशा ले जाकर इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी हासिल की और भोपाल लौटने पर एक फ्लैट में बंधक बना लिया।
मामले में कटारा हिल्स पुलिस ने हर्ष मेहरा, रोनित राज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है।
व्हाट्सऐप कॉल से शुरू हुई बातचीत
पुलिस के अनुसार सेमिनिया गौंड, भदभदा रोड निवासी 47 वर्षीय कारोबारी यशवंत लोधी ने शिकायत में बताया कि करीब 15 दिन पहले उसके मोबाइल पर दीपक नाम के व्यक्ति का व्हाट्सऐप कॉल आया था। उसने कारोबारी होने का परिचय देते हुए यशवंत की कंपनी में निवेश की इच्छा जताई। इसके बाद यशवंत को एमपी नगर बुलाया गया, जहां उसकी मुलाकात दीपक के साथ हरीश दुबे नामक व्यक्ति से हुई। दोनों ने बड़े प्रोजेक्ट और कई साइटों पर काम मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि उनके पास कंपनी और करंट अकाउंट नहीं है। साथ काम करने पर कुल मुनाफे का तीन प्रतिशत देने का प्रस्ताव रखा।
विदिशा में ली बैंकिंग संबंधी जानकारी
शिकायत के मुताबिक अगले दिन दोनों यशवंत को विदिशा ले गए। रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में रुकने के दौरान काम से संबंधित प्रक्रिया के नाम पर उसकी इंटरनेट बैंकिंग आईडी और पासवर्ड ले लिए गए। इसके बाद उसे बताया गया कि आगे का काम भोपाल में होगा।
रात में फ्लैट में ले जाकर चाकू अड़ाने का आरोप
यशवंत के अनुसार 31 अगस्त की रात करीब दो बजे दीपक उर्फ रोहन बिष्ट और हरीश दुबे उसे कटारा हिल्स की एक मल्टी के पांचवें फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर 509 में ले गए। वहां रोनित राज और हर्ष मेहरा पहले से मौजूद थे। शिकायत में आरोप है कि चारों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। हर्ष ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि रोनित ने पीछे से सिर पकड़कर गर्दन पर चाकू लगा दिया। दीपक ने पेट पर चाकू अड़ाकर धमकाया। इस दौरान आरोपियों ने उसका एक एप्पल और एक सैमसंग मोबाइल, सैमसंग टैबलेट तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की चेकबुक अपने कब्जे में ले ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना में इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी लिए जाने के आरोप के कारण पुलिस अब लेनदेन और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







