किसान से मांगी रिश्वत, लोकायुक्त के ट्रैप में फंसे एई और लाइनमैन
15 हजार की डिमांड, 12 हजार पर सौदा

जबलपुर,यशभारत। कृषि भूमि पर मोटर चलाने के लिए 3 एचपी का स्थाई बिजली कनेक्शन देने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगना मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता और लाइनमैन को भारी पड़ गया। लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार जमुनिया, तहसील कटंगी निवासी मुकेश कुमार यादव ने अपनी कृषि भूमि पर मोटर चलाने के लिए 3 एचपी का स्थाई विद्युत कनेक्शन लेने आवेदन किया था। कनेक्शन के एवज में कटंगी विद्युत कार्यालय में पदस्थ सहायक अभियंता मनोज कुमार दुबे (61) और लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला (60) द्वारा उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
रिश्वत की मांग से परेशान आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में की। शिकायत के सत्यापन के दौरान दोनों आरोपियों ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति जताई। इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को ट्रैप की कार्रवाई की। जैसे ही आरोपियों ने 12 हजार रुपये की रिश्वती राशि स्वीकार की, टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
सहायक अभियंता मनोज कुमार दुबे और लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)बी, 13(2) तथा बीएनएस की धारा 61(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त मध्यप्रदेश भोपाल योगेश देशमुख के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, टीएलओ निरीक्षक शशि कला मुस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा।







