BREAKING : गाडरवाड़ा पॉवर हाउस से वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप,जूनियर इंजीनियर के डांस ने बटोरी सुर्खियां, किसानों में आक्रोश, विभागीय कार्यवाही की मांग तेज

नरसिंहपुर/गाडरवाड़ा।जिले के गाडरवाड़ा स्थित मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPEB) के पॉवर हाउस में पदस्थ प्रभारी जूनियर इंजीनियर प्रतिभा पारधी का डांस वीडियो वायरल होते ही बवाल मच गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी अधीनस्थ कर्मचारी के जन्मोत्सव के अवसर का है, जिसमें मोहतरमा पूरे उत्साह से मंच पर नृत्य कर रही हैं।
यह मामला तब और अधिक विवादों में आ गया जब सामने आया कि इसी दौरान क्षेत्र के कई किसान बिजली संकट से परेशान थे। विद्युत आपूर्ति में लगातार आ रही बाधा और ट्रांसफॉर्मर व मरम्मत कार्यों की लापरवाही को लेकर ग्रामीण पहले ही एमपीईबी से नाराज थे, अब इस वायरल वीडियो ने आग में घी का काम किया है।
जनता में नाराजगी, सोशल मीडिया पर बहस तेज
वीडियो सामने आने के बाद किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने इस कृत्य को “कर्तव्य विमुखता” करार देते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि जब अधिकारी पॉवर हाउस को मनोरंजन का अड्डा बना लेंगे, तो फिर जनता को राहत कौन देगा?
पूर्व उदाहरण से हो रही तुलना
मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि पूर्व में गाडरवाड़ा थाने में पदस्थ रही महिला थाना प्रभारी टीआई अर्चना नागर को थाने में जन्मदिन समारोह मनाने के चलते लाइन अटैच किया गया था। ऐसे में अब विद्युत विभाग की यह घटना भी तूल पकड़ रही है और लोग समान कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब निगाहें नेताओं और अधिकारियों पर
अब सबकी निगाहें क्षेत्रीय विधायक, प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिक गई हैं कि वे इस पूरे मामले पर क्या संज्ञान लेते हैं। क्या प्रतिभा पारधी के खिलाफ भी वैसी ही सख्त कार्रवाई होगी जैसी पूर्व मामलों में देखने को मिली है? या यह मामला केवल चर्चा तक ही सीमित रहेगा?
विभाग की चुप्पी बनी रहस्य
इस मामले पर अभी तक MPEB के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं विभागीय सूत्रों की मानें तो वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच कर कार्रवाई की जा सकती है







