ट्रक में फंसकर 50 मीटर तक घिसटा बाइक सवार,मौके पर मौत,पाटन में सड़क दुर्घटना
चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू

जबलपुर यशभारत। जबलपुर-दमोह रोड़ पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। घटना इतनी खतरनाक थी कि युवक का पूरा शरीर क्षत-विक्षत हो गया। एक्सीडेंट के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने फौरन ट्रक का पीछा किया और उसे रोककर पाटन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, हालांकि उसके पास मिले दस्तावेज के आधार पर वह सिवनी का रहने वाला बताया जा रहा है। बाइक नरसिंहपुर रजिस्टर्ड है।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे दमोह से जबलपुर तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रक जैसे ही पाटन नगर में स्टेट बैंक के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दिया। जिसके चलते युवक ट्रक के पिछले चक्के में जाकर फंस गया और करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए चला गया।स्थानीय लोगों ने ट्रक को जब तक रोका, तब तक युवक के परखच्चे उड़ चुके थे। पाटन थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक युवक की बाइक नरसिंहपुर रजिस्टर्ड है, पर संभवता वह सिवनी का रहने वाला हो सकता है। पहचान की कोशिश की जा रही है।पाटन निवासियों का कहना है कि तिराहे में ब्रेकर ना होने के कारण चाहे दिन हो या रात तेज रफ्तार से वाहन चलते है, और आए दिन फिर एक्सीडेंट होते है। कई बार पुलिस-प्रशासन ने मांग की गई, पर इस और ध्यान नहीं दिया गया, लिहाजा लगातार हादसे हो रहे है।







