
जबलपुर, यशभारत। तिलवारा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार दलपतपुर, भेड़ाघाट निवासी 20 वर्षीय आर्यन मल्लाह दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी बाइक से तिलवारा घाट जाने के लिए निकला था। वह चरगवां रोड पर जोधपुर पड़ाव के पास पहुंचा ही था कि अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आर्यन के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलने पर आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।घटना की जानकारी मिलने पर तिलवारा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई तथा मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।







