देश

भोपाल मेट्रो के पहियों पर फिर लगा ब्रेक, 100 दिन में तीसरी बार बदला समय

भोपाल मेट्रो के पहियों पर फिर लगा ब्रेक, 100 दिन में तीसरी बार बदला समय

3 अप्रैल से सुबह 11 से शाम 4:30 बजे तक ही चलेगी ट्रेन

सिग्नलिंग के काम के चलते 13 की जगह अब लगेंगे सिर्फ 9 फेरे

भोपाल, यशभारत। राजधानी की लाइफलाइन बनने का सपना देख रही भोपाल मेट्रो के संचालन में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है। मेट्रो कॉरपोरेशन ने नया शेड्यूल जारी करते हुए परिचालन के समय में भारी कटौती की है। आगामी 3 अप्रैल से मेट्रो अब सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच ही पटरी पर दौड़ेगी। खास बात यह है कि पिछले 100 दिनों के भीतर मेट्रो के समय में यह तीसरी बार बदलाव किया गया है।

फेरों में कटौती: अब 75 मिनट करना होगा इंतजार
नए शेड्यूल के लागू होने से मेट्रो के फेरे 13 से घटकर केवल 9 रह जाएंगे। इसमें एम्स से सुभाष नगर के बीच 5 फेरे और सुभाष नगर से एम्स के बीच 4 फेरे शामिल होंगे। सिग्नलिंग सिस्टम दुरुस्त न होने के कारण वर्तमान में मेट्रो केवल एक ही ट्रैक (डाउन ट्रैक) पर चलाई जा रही है। इस वजह से ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी 75 मिनट रखी गई है, यानी यात्रियों को एक ट्रेन छूटने के बाद अगली ट्रेन के लिए सवा घंटे का लंबा इंतजार करना होगा।

सिग्नलिंग सिस्टम का काम बना रुकावट
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, सुभाष नगर से एम्स के बीच ‘प्रायोरिटी कॉरिडोर’ पर सिग्नलिंग सिस्टम का काम शुरू कर दिया गया है। यह 800 करोड़ रुपए के उस टेंडर का पहला चरण है, जो करीब 30 किमी के दायरे के लिए हुआ है। जब तक सिग्नलिंग का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षा कारणों से दोनों ट्रैक पर ट्रेन चलाना संभव नहीं है। हालांकि, प्रबंधन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह काम कब तक पूरा होगा।

यात्रियों का मोहभंग, घट रही संख्या
21 दिसंबर से शुरू हुए कमर्शियल रन के शुरुआती दिनों में मेट्रो को अच्छा रिस्पांस मिला था, लेकिन बार-बार बदलते समय और कम फेरों के कारण यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है। वर्तमान में स्थिति यह है कि कोच लगभग खाली दौड़ रहे हैं।

मेट्रो का अब तक का सफर:
20 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया उद्घाटन।
5 जनवरी 2026: पहली बार बदला समय, सुबह 9 बजे से 17 फेरे शुरू हुए।
दूसरा बदलाव: समय दोपहर 12 से शाम 7:30 बजे हुआ और फेरे घटकर 13 रह गए।
अब (3 अप्रैल से): समय सुबह 11 से शाम 4:30 बजे तक और फेरे घटकर मात्र 9 रह गए।

यदि आप 3 अप्रैल के बाद मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले नए समय का ध्यान रखें। दोपहर के समय सफर करने वालों के लिए तो यह ठीक है, लेकिन सुबह ऑफिस जाने वाले या शाम को घर लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए मेट्रो अब फिलहाल विकल्प नहीं रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button