भोपाल में वकीलों से मारपीट मामला: जहांगीराबाद टीआई सहित 3 पुलिसकर्मी निलंबित

भोपाल में वकीलों से मारपीट मामला: जहांगीराबाद टीआई सहित 3 पुलिसकर्मी निलंबित
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में सीट बेल्ट चेकिंग के दौरान अधिवक्ता से अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस विभाग ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन अहिरवार और दो अन्य पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि मंगलवार रात खटलापुरा मंदिर मार्ग पर पुलिस द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान कार सवार अधिवक्ता राकेश रावल (45) को सीट बेल्ट न लगाने पर रोका गया। अधिवक्ता का आरोप था कि जब उन्होंने वाहन में पेट्रोल खत्म होने की बात कही, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए कीचड़ में पटककर डंडों से मारपीट की। वहीं, घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें अधिवक्ता और ट्रैफिक पुलिस के बीच तीखी बहस होती नजर आ रही थी।
साथी अधिवक्ता से मारपीट की खबर मिलते ही देर रात लगभग 50 वकीलों ने जहांगीराबाद थाने का घेराव कर लिया था और देर रात 3 बजे तक दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की जांच और प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रभारी राजन अहिरवार समेत तीन पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।








