भोपालः ट्रैफिक ACP के घर चोरी करने वाली गैंग राजस्थान से दबोची गई, 4 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल में ट्रैफिक ACP के घर चोरी करने वाली गैंग राजस्थान से दबोची गई, 4 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। भोपाल में ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के घर हुई लाखों की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए भोपाल पुलिस की टीमों ने राजस्थान में छापेमारी कर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वीआईपी ड्यूटी के दौरान हुई थी चोरी
यह घटना 11 सितंबर को कोलार के दानिश कुंज-2 इलाके में घटी थी। उस वक्त एसीपी विजय दुबे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उज्जैन यात्रा के दौरान वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। मकान सूना पाकर चोरों ने धावा बोला और एफआईआर के अनुसार 20 तोला सोना और 15 लाख रुपये नकद पार कर दिए थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिली थी लीड
घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। गांधीनगर, कोलार और मिसरोद समेत राजधानी के करीब 10 थानों की पुलिस को सक्रिय किया गया था। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों के चेहरे सामने आए, जिसके बाद तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से उनके राजस्थान में छिपे होने का पता चला।
अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
क्राइम ब्रांच और कोलार पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान में दबिश देकर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया है कि यह शातिर गिरोह भोपाल के विभिन्न इलाकों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी और शहर की अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।







