भोपाल की मुक्केबाज माही लामा का भारतीय टीम में चयन, चीन में होने वाले वर्ल्ड कप में दिखाएंगी दम

भोपाल की मुक्केबाज माही लामा का भारतीय टीम में चयन, चीन में होने वाले वर्ल्ड कप में दिखाएंगी दम
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की होनहार युवा मुक्केबाज माही लामा ने एक बार फिर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। माही का चयन आगामी बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह चीन में आयोजित होने जा रही इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 15 से 20 जून तक खेली जाएगी। वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम शनिवार रात को चीन के लिए रवाना हो गई है।
अकादमी में बहाया पसीना, अब देश के लिए पदक पर नजर
माही लामा भोपाल स्थित ‘राज्य बॉक्सिंग अकादमी’ में कड़ा प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार खेल से सभी को प्रभावित किया है। लगातार की गई कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ही उन्होंने सीनियर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की है।
चीन रवाना होने से पहले माही ने बताया कि उनका पूरा ध्यान अब सिर्फ वर्ल्ड कप पर केंद्रित है। उन्होंने कहा, मेरा लक्ष्य देश के लिए पदक जीतना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के साथ-साथ मध्य प्रदेश का नाम रोशन करना है।
खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं
माही की इस बड़ी उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। खेल मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी वैश्विक मंचों पर लगातार देश का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि माही वर्ल्ड कप में अपने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन करेंगी और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटेंगी।
युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि माही लामा की यह सफलता मध्य प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल बनेगी। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि खिलाड़ी को सही दिशा में प्रशिक्षण और बुनियादी सुविधाएं मिलें, तो वे अपनी लगन से दुनिया के किसी भी कोने में तिरंगा लहरा सकते हैं।







