भोपालमध्य प्रदेश

बीएचईएल भोपाल ने वित्त वर्ष 2025-26 में 4 हजार 6 सौ 47 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया हासिल

बीएचईएल भोपाल ने वित्त वर्ष 2025-26 में 4 हजार 6 सौ 47 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया हासिल

अगले साल के लिए 4,716 करोड़ का लक्ष्य

​भोपाल, यशभारत। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल इकाई के देवी अहिल्याबाई हॉल में आज मीडिया कर्मियों और अन्य हितधारकों के साथ एक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वित्त वर्ष 2025-26 में भोपाल यूनिट की उपलब्धियों, भविष्य की कार्ययोजना और कंपनी के समग्र प्रदर्शन पर विस्तृत चर्चा की गई।

​कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक पी. के. उपाध्याय ने जानकारी दी कि वित्त वर्ष 2025-26 में बीएचईएल कॉरपोरेशन ने 33,782 करोड़ रुपये का राजस्व और 2,116 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ अर्जित किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति और बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल नेतृत्व को दिया।

​इस अवसर पर भोपाल यूनिट के वित्तीय प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि इकाई ने वित्त वर्ष 2025-26 में 4,647 करोड़ रुपये का टर्नओवर और 581 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया है। उपाध्याय ने कठिन प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में इस प्रदर्शन के लिए कर्मचारियों की सराहना की और विश्वास जताया कि भोपाल यूनिट वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 4,716 करोड़ रुपये के लक्ष्य को भी सफलतापूर्वक हासिल कर लेगी। उन्होंने कार्य-पुनरावृत्ति (रिवर्क) से पूरी तरह बचने, प्रति कर्मचारी मूल्यवर्धन और कैश कलेक्शन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, कंपनी द्वारा अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

​परिचर्चा में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी. यू. सिंह ने सभी हितधारकों को धन्यवाद दिया और आश्वस्त किया कि यूनिट कर्मचारियों व हितधारकों के हितों की रक्षा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है। महाप्रबंधक (एसओएम) आर. के. अग्रवाल ने कार्य-निष्पादन का प्रस्तुतीकरण देकर वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क) उपेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button