जबलपुरमध्य प्रदेश

बरगी नहर हादसा: तीसरी युवती का शव भी मिला, रील बनाने के दौरान बह गई थीं तीनों

तेज बहाव में डूबी किशोरियों की मौत, पूरे गांव में पसरा मातम

जबलपुर, यशभारत। बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा में हुई दर्दनाक नहर हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रील बनाने के दौरान तेज बहाव में बहने वाली तीनों युवतियों की मौत हो गई है। शनिवार को तीसरी युवती 18 वर्षीय तनु पटेल का शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में उतराते हुए बरामद कर लिया गया। इससे पहले शुक्रवार को दो अन्य किशोरियों के शव मिल चुके थे।

जानकारी के अनुसार, गौर निवासी पटेल परिवार की पांच लड़कियां सालीवाड़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सभी नहर किनारे पहुंचीं, जहां चार लड़कियां पानी में उतरकर नहा रही थीं, जबकि एक किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान नहर के तेज बहाव ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया।

मौके पर मौजूद लड़की ने साहस दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन लड़कियां बह गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और होमगार्ड का गोताखोर दल मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए थे, जबकि तनु पटेल की तलाश जारी थी।

शनिवार को तनु का शव भी नहर में उतराते मिला, जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बच्चियों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और सोशल मीडिया के बढ़ते जुनून के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहरों और जल स्रोतों के पास सतर्कता बरतें और इस तरह के जोखिम भरे कदमों से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button