जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा का गढ़ बचाएगा कैडर वोट या प्रशांत किशोर करेंगे बड़ा उलटफेर 

जबलपुर,यशभारत

जबलपुर,यशभारत।बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से पहले बिहार की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। 3 अगस्त को होने वाली मतगणना से पहले विभिन्न एग्जिट पोल में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी अपने मजबूत संगठन और परंपरागत कैडर वोट के दम पर जीत का दावा कर रही है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में करीब 34.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव प्रचार के दौरान भरत तिवारी एनकाउंटर, जंतर-मंतर आंदोलन, राज्य सरकार के 100 दिनों का कार्यकाल, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन मुद्दों का असर खासकर युवा मतदाताओं पर पड़ा है। जन सुराज समर्थकों का दावा है कि प्रशांत किशोर ने भाजपा के पारंपरिक सवर्ण वोट बैंक, विशेषकर ब्राह्मण मतदाताओं के एक हिस्से में सेंध लगाने में सफलता हासिल की है। साथ ही मुस्लिम मतदाताओं का भी समर्थन उन्हें मिलने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि इस सीट पर करीब 30 हजार युवा मतदाता परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उधर भाजपा का कहना है कि बांकीपुर पिछले तीन दशक से उसका मजबूत गढ़ रहा है और पार्टी का संगठित कैडर, एनडीए का वोट बैंक तथा बूथ स्तर पर मजबूत प्रबंधन इस बार भी जीत सुनिश्चित करेगा। भाजपा नेताओं का विश्वास है कि कायस्थ, कोयरी सहित पारंपरिक समर्थक वर्ग पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है।राजनीतिक समीकरणों में उस समय नया मोड़ आया जब जेजेडी उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद तेजप्रताप यादव ने खुलकर प्रशांत किशोर का समर्थन किया। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव विदेश यात्रा के कारण प्रचार अभियान में अंतिम चरण में ही सक्रिय हो सके।

चुनाव परिणाम से पहले प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर पटना पुलिस और जिला प्रशासन पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के खिलाफ शिकायत देते हुए मतदाताओं को डराने-धमकाने और निष्पक्ष मतदान में बाधा डालने का आरोप लगाया।इन आरोपों पर एनडीए नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर संभावित हार से पहले माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव और जदयू महासचिव श्याम रजक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जनता अपना फैसला ईवीएम में दर्ज कर चुकी है और परिणाम भाजपा-एनडीए के पक्ष में आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button