
लखनऊ | शुक्रवार को लखनऊ से दिल्ली आ रही वंदे भारत ट्रेन पर हरदोई के पास पथराव की घटना सामने आई। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत सवार थे। पथराव में C4 कोच का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही हरदोई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ उपद्रवियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे कोच का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
Table of Contents
ToggleZ+ सुरक्षा के बीच हुई घटना
बताया जा रहा है कि मोहन भागवत को जेड-प्लस (Z+) श्रेणी की ‘एडवांस सिक्योरिटी लाइजन’ (ASL) सुरक्षा प्राप्त है। इसके बावजूद ट्रेन पर पथराव की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत ट्रेन को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी देश के अलग-अलग हिस्सों में इस ट्रेन पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
मेरठ में कार्यक्रम में होंगे शामिल
संघ प्रमुख इन दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रवास पर हैं। वह मेरठ के माधवपुरम स्थित संघ कार्यालय ‘माधव कुंज’ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे हैं। यहां वे मेरठ और ब्रज प्रांत के 28 जिलों के खिलाड़ियों, कोच और प्रशिक्षकों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
खिलाड़ियों और प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद
इस विशेष कार्यक्रम में करीब 500 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। संवाद के दौरान खिलाड़ी संघ प्रमुख से सीधे सवाल भी पूछ सकेंगे। इसके अलावा, 21 फरवरी को वे विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों—वकील, डॉक्टर, व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियर और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों—से भी मुलाकात करेंगे।
कार्यक्रम में क्रिकेटर प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार, सुरेश रैना और पहलवान अलका तोमर को भी आमंत्रित किया गया है।







