उधारी के विवाद में हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत परिजनों ने थाने में शव रखकर किया प्रदर्शन
चार आरोपियों ने घर में घुसकर किया हमला

उधारी के विवाद में हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत परिजनों ने थाने में शव रखकर किया प्रदर्शन
चार आरोपियों ने घर में घुसकर किया हमला
जबलपुर, यश भारत। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के पिपरिया कला गांव में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में घायल हुए एक दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 8 तारीख को उमेश लोधी (36) निवासी पिपरिया कला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई इंदर सिंह लोधी गांव में किराना,की दुकान संचालित करता था। उधारी के लेन-देन को लेकर धर्मेंद्र लोधी, चंदू लोधी, चरन लोधी और रामफल लोधी से उसका विवाद हो गया था।
बताया गया कि विवाद के बाद चारों आरोपियों ने पाइप, लाठी और डंडे लेकर इंदर सिंह के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उमेश तथा गिप्पो बाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इंदर सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया।
इंदर सिंह का उपचार चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर बेलखेड़ा थाने पहुंचे और पुलिस पर एफआईआर में देरी व लापरवाही के आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा। एसडीओपी ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वही अब पुलिस पुरे मामले की विवेचना कर रही है।







