आईएसबीटी बस स्टैंड पर बस चालकों की मनमानी – सडक़ पर खड़ी बसों से यातायात हो रहा बाधित

आईएसबीटी बस स्टैंड पर बस चालकों की मनमानी
– सडक़ पर खड़ी बसों से यातायात हो रहा बाधित
भोपाल, यश भारत। राजधानी के आईएसबीटी बस स्टैंड पर इन दिनों बस चालकों की मनमानी के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बसों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल उपलब्ध होने के बावजूद कई चालक बसों को सडक़ के बीचों-बीच खड़ा कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में बार-बार जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। आईएसबीटी शहर का प्रमुख बस टर्मिनल है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री विभिन्न जिलों और राज्यों के लिए सफर करते हैं। लेकिन बस चालकों की लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण यात्रियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों को स्टैंड के अंदर पार्क करने के बजाय चालक सीधे सडक़ पर ही बसें रोक देते हैं, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित हो जाती है। सडक़ पर खड़ी बसें अचानक मोड़ या ब्रेक लगाने की स्थिति में बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। कई बार दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री बसों के बीच से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत प्रशासन और यातायात पुलिस से की गई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। बस स्टैंड के आसपास दुकानदारों और राहगीरों को भी जाम के कारण रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यात्रियों का कहना है कि बसों के सडक़ पर खड़े रहने से बस स्टैंड परिसर में प्रवेश और निकास भी प्रभावित होता है। कई बार यात्रियों को बस तक पहुंचने में भी मुश्किल होती है, क्योंकि बसें व्यवस्थित रूप से नहीं लगाई जातीं।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आईएसबीटी बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए। बसों को केवल निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने के नियम का कड़ाई से पालन कराया जाए और नियम तोडऩे वाले चालकों के खिलाफ जुर्माना तथा अन्य कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों और आम लोगों को राहत मिल सके।







