जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

गौर पुल के नीचे उफना आक्रोश: युवक की मौत के विरोध में ग्रामीणों का चक्का जाम, घंटों थमा रहा यातायात

कार्रवाई के दौरान हुआ हादसा

गौर पुल के नीचे उफना आक्रोश: युवक की मौत के विरोध में ग्रामीणों का चक्का जाम, घंटों थमा रहा यातायात

जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी के जमतरा घाट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान युवक की मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को हुई घटना के बाद जहां देर शाम तक ग्रामीणों का आक्रोश बना रहा, वहीं मंगलवार सुबह होते ही गुस्सा फिर भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने गौर पुल के नीचे चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

कार्रवाई के दौरान हुआ हादसा

बताया गया है कि सोमवार को ग्रामीण एसडीएम अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासनिक और माइनिंग विभाग की टीम ने जमतरा घाट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ दबिश दी थी। टीम को देखते ही घाट पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान खिरैनी घाट, बरगी निवासी 24 वर्षीय आकाश बर्मन खुद को घिरा देख घबरा गया और नर्मदा नदी में कूद गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
परिजनों के गंभीर आरोप
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासनिक टीम के लोगों ने आकाश को पकड़कर मारपीट की और घाट तक ले गए, जहां वह पानी में डूब गया। आरोप यह भी है कि जब आकाश नदी में फड़फड़ा रहा था, तब किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की और बाद में परिजनों को धमकाया भी गया।
सुबह चक्का जाम से थमा शहर
मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण गौर पुल के नीचे एकत्रित हुए और चक्का जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। चक्का जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

1776754238 Untitled 5 copy

रेत माफियाओं पर संरक्षण के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन बड़े रेत माफियाओं को संरक्षण देता है, जबकि गरीबों को निशाना बनाया जाता है। उनका कहना है कि मशीनों और डंपरों से खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन होता है, लेकिन कार्रवाई केवल छोटे स्तर पर रेत निकालने वाले लोगों पर ही होती है।
पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर बरेला, बरगी और गोराबाजार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश देने में जुट गया। काफी देर तक चली बातचीत और दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया गया।
प्रशासन ने बताया आकस्मिक घटना
वहीं, प्रशासन का कहना है कि यह एक आकस्मिक घटना है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के अनुसार रेत चोरी की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही थी और घटना के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। अति. पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच जारी, न्याय की मांग कायम
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button