काल बनकर झुग्गी में घुसा बेकाबू CNG टैंकर; 7 साल की मासूम की मौत, परिवार के 4 लोग घायल

काल बनकर झुग्गी में घुसा बेकाबू CNG टैंकर; 7 साल की मासूम की मौत, परिवार के 4 लोग घायल
छोला मंदिर क्षेत्र में रात 2:20 बजे हुआ भीषण हादसा; तीन घरों को रौंदते हुए निकला टैंकर, आरोपी ड्राइवर फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार सीएनजी टैंकर रिहायशी बस्ती में दीवारें तोड़ते हुए सो रहे परिवारों को रौंदता हुआ निकल गया। इस भीषण दुर्घटना में 7 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज भानपुर के पीपुल्स अस्पताल में जारी है।
नींद में सो रहे परिवार पर टूटा कहर
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 2:20 बजे का है। जब बस्ती के लोग गहरी नींद में थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर एक झुग्गी की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। टैंकर की चपेट में आने से मासूम खुशी गेहार (7) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची का शव करीब एक घंटे तक टैंकर के पहिए के नीचे दबा रहा, जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
तीन घर हुए जमींदोज, मलबे में दबे लोग
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टैंकर की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने एक के बाद एक तीन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मलबे और चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। हादसे में बच्ची के पिता मोनू गेहार, मां मनीषा गेहार और भाई आरुष सहित एक अन्य सदस्य घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची छोला मंदिर और निशातपुरा थाना पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
रहवासी बोले- भारी वाहनों पर कब लगेगी लगाम?
हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही पर कोई नियंत्रण नहीं है। लोगों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। घटना के बाद से आरोपी ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
इनका कहना है कि
शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और टैंकर को कब्जे में लिया गया है। वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है ताकि हादसे की असल वजह स्पष्ट हो सके।
अक्षय चौधरी, एसीपी निशातपुरा







