छत से गिरकर मासूम की मौत -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

छत से गिरकर मासूम की मौत -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल यशभारत । छोला मंदिर इलाके में एक 18 महीने के मासूम की दो मंजिला मकान की छत से खेलते वक्त गिरने से मौत हो गई। वहीं कोलार में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली तो अशोका गार्डन इलाके में दो लोगों की करंट लगाने से जान चली गई। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के मुताबिक ब्लूमून कॉलोनी छोला मंदिर निवासी हामिद खान अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार पत्नी के अलावा 18 माह बेटा हनीफ खान और तीन साल की बेटी है। कल दोपहर बेटा हनीफ दो मंजिला मकान की छत पर खेल रहा था। इसी बीच रैलिंग की खाली जगह से मासूम फिसलता हुआ छत से नीचे गिर गया। इसके बाद परिजन उसे बेहोसी की हालत में लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां पर उपचार के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पीएम के लिए भेज दिया। उधर, कोलार पुलिस ने बताया कि सांई नाम कॉलोनी निवासी कमलेश दुबे पुत्र रामरतन (36) प्राइवेट काम करते थे। कल सुबह उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। करंट लगने से मजदूर व ड्राइवर की मौत- अशोका गार्डन पुलिस ने बताया कि अन्न नगर निवासी गणेश सोनवरे(30) प्राइवेट ड्राइवर था। वह कल दोपहर गाड़ी लेकर रूचि कलारी के पास पहुंचा था। जहां पर उसने ट्रांसफार्मर के पास गाड़ी खड़ी कर जैसे ही गेट खोला, कार का गेट बिजली के तार से टकरा गया। जिससे उसे करंट लगा और वह बेहोश हो गया। लोगों ने उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे मामले में शंकर गार्डन निवासी अजमद जकी(32) गत 20 जून को अपने घर की छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी कल मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






