भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने लगाई फांसी, खुदकुशी से पहले पिता को वॉट्सऐप पर भेजा सुसाइड नोट

भोपाल में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने लगाई फांसी, खुदकुशी से पहले पिता को वॉट्सऐप पर भेजा सुसाइड नोट

कमरे में कटी मिली हाथ की नस, पुलिस करा रही उड़िया भाषा में लिखे नोट का अनुवाद

भोपाल,यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के सुंदर नगर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ किराए के मकान में अकेले रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 36 वर्षीय युवक सच्ची स्मिथ दास ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले इस युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले उड़िया भाषा में एक सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने पिता के मोबाइल पर वॉट्सऐप के माध्यम से सेंड कर दिया।

दोस्त कमरे पर पहुंचा तो अंदर से बंद था दरवाजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को युवक के पिता ने जब अपने वॉट्सऐप पर उड़िया भाषा में भेजा गया यह संदेश देखा, तो वे घबरा गए। उन्होंने तुरंत भोपाल में रहने वाले सच्ची के एक दोस्त को फोन कर उसके कमरे पर जाने के लिए कहा। दोस्त आनन-फानन में जब सुंदर नगर स्थित कमरे पर पहुंचा, तो वहां का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक खटखटाने और आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो अनहोनी की आशंका में उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

नस भी कटी मिली, कमरे में फैला था खून
सूचना मिलते ही अशोका गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। सच्ची स्मिथ दास का शव फंदे पर लटका हुआ था। शुरुआती तफ्तीश में पुलिस ने पाया कि युवक के बाएं हाथ की कलाई के पास की नस भी कटी हुई थी, जिससे कमरे के फर्श पर खून फैला हुआ था। पुलिस ने तत्काल शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया।

परिजनों के आने और अनुवाद के बाद स्पष्ट होंगे कारण
थाना पुलिस ने मौके से युवक का मोबाइल फोन और सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट पूरी तरह से उड़िया भाषा में लिखा गया है, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए उसका हिंदी और अंग्रेजी में आधिकारिक अनुवाद कराया जा रहा है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का मानना है कि परिजनों के भोपाल पहुंचने और सुसाइड नोट का अनुवाद होने के बाद ही युवक के इस आत्मघाती कदम उठाने के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विस्तृत जांच में ले लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button