युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधीनगर थाना इलाके में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर निवासी महेश गोदाना ने अपने घर में अज्ञात कारणों के चलते फांसी का फंदा बनाकर उस पर लटक गया। कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा, तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल की सूचना पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।






