सब्जी बेचने वाला और फर्नीचर मैकेनिक निकले ड्रग्स तस्कर: क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर पकड़ा

सब्जी बेचने वाला और फर्नीचर मैकेनिक निकले ड्रग्स तस्कर: क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर पकड़ा
4.28 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख का सामान जब्त
भोपाल, यश भारत। भोपाल क्राइम ब्रांच ने शनिवार को बागसेवनिया इलाके में घेराबंदी कर एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स, मोबाइल और एक पल्सर बाइक बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरआएल ब्रिज के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास दो युवक पल्सर बाइक पर ड्रग्स बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते ही मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 4.28 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोएब खान (22) और मोहम्मद सैफ (20) के रूप में हुई है। दोनों ही आरोपी करोंद क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी हैं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि जोएब सब्जी बेचता है और मोहम्मद सैफ फर्नीचर की दुकान में काम करता है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी यह ड्रग्स कहां से लाए थे और शहर में किन लोगों को सप्लाई करने वाले
थे।







