भोपाल

मरम्मत के कुछ दिन बाद ही सड़क पर गड्ढा, पानी में छिपा खतरा

मरम्मत के कुछ दिन बाद ही सड़क पर गड्ढा, पानी में छिपा खतरा
WhatsApp Image 2026 09 15 at 09.53.29 1

भोपाल, यश भारत। राजधानी की सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रभात चौराहे से एमपी नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर ब्रिज के पास जीवन मोटर्स के सामने सड़क पर बना गड्ढा वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। बारिश के पानी से गड्ढा पूरी तरह भर गया है, जिससे इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। व्यस्त सड़क पर मौजूद यह गड्ढा कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस सड़क पर कुछ दिन पहले ही मरम्मत का काम कराया गया था, वह बारिश होते ही फिर से उखड़ने लगी। इससे सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। यदि कुछ ही दिनों में सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो रही है तो मरम्मत में इस्तेमाल सामग्री और काम की निगरानी को लेकर जिम्मेदार विभाग को जवाब देना चाहिए।
पानी ने बढ़ाई मुसीबत
गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क समतल दिखाई देती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक है। तेज रफ्तार में आने वाला चालक अचानक गड्ढे में पहुंच सकता है। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ने, गिरने और पीछे से आ रहे वाहनों से टक्कर होने की आशंका बनी रहती है।
WhatsApp Image 2026 09 15 at 09.53.29 2

स्थानीय लोगों के मुताबिक मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार रहता है। ऐसे में सड़क के बीच बने गड्ढे को मामूली समस्या मानकर छोड़ना भारी पड़ सकता है। रात के समय कम रोशनी और बारिश के दौरान दृश्यता कम होने से खतरा और बढ़ जाता है।
हादसे के बाद जागेगा विभाग?
रहवासियों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के बावजूद दोबारा गड्ढा बनना विभागीय निगरानी की कमी को दर्शाता है। उनका कहना है कि केवल गड्ढा भरने की औपचारिकता के बजाय सड़क की टिकाऊ मरम्मत की जानी चाहिए। साथ ही बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि पानी सड़क की सतह और निर्माण को नुकसान न पहुंचाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button