भोपालमध्य प्रदेश

शादी के एक महीने बाद ही सड़क हादसे में युवक की मौत

शादी के एक महीने बाद ही सड़क हादसे में युवक की मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहपुरा इलाके में रविवार रात एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की महज एक महीने पहले ही शादी हुई थी, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

साइट से घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शुभांकर रॉय (25 वर्ष), निवासी बीडीए कॉलोनी, अवधपुरी के रूप में हुई है। शुभांकर कारपेंटरी का काम करता था। रविवार रात वह अपनी साइट से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। तभी शाहपुरा स्थित दानापानी रोड पर एक अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही शुभांकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक माह पहले ही बंधा था शादी का बंधन
परिजनों ने बताया कि शुभांकर की शादी अभी एक महीने पहले ही हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। सोमवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुँचा, तो वहां कोहराम मच गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
शाहपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाला वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस घटनास्थल और दानापानी रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि अज्ञात वाहन के नंबर का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button