जबलपुरमध्य प्रदेश

“बिना औपचारिक नामांकन पीएचडी परीक्षा की कवायद! आरडीवीवी के गणित एवं कंप्यूटर विज्ञान विभाग पर उठे सवाल, व्हाट्सएप संदेश के आधार पर परीक्षा व फाइल सबमिशन की तैयारी, नियमों की अनदेखी के आरोप

जबलपुर,यशभारत। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) के गणित एवं कंप्यूटर विज्ञान विभाग में पीएचडी कोर्सवर्क परीक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विभाग द्वारा शोधार्थियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना जारी कर 7 मई को ‘रिव्यू ऑफ लिटरेचर’ विषय की मौखिक परीक्षा एवं फाइल जमा कराने की तैयारी की जा रही है।

औपचारिक प्रक्रिया अधूरी, फिर भी परीक्षा की तैयारी

जानकारी के अनुसार, कई शोधार्थियों का अब तक विश्वविद्यालय में विधिवत नामांकन पूरा नहीं हुआ है और न ही परीक्षा आवेदन पत्र जमा कराए गए हैं। इसके बावजूद परीक्षा आयोजित करने की तैयारी पर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी किए बिना परीक्षा आयोजित करना नियमों के विरुद्ध माना जाता है।

व्हाट्सएप निर्देशों पर चल रही प्रक्रिया

सूत्रों के मुताबिक विभागाध्यक्ष की ओर से छात्रों को 4 मई तक संबंधित विषय की फाइल जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। 7 मई को विभागीय स्तर पर परीक्षा आयोजित करने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना या आदेश जारी नहीं किया गया है।

नियमों की अनदेखी के आरोप

जानकारों का मानना है कि पीएचडी जैसे उच्च स्तरीय कार्यक्रम में केवल अनौपचारिक संदेशों के आधार पर परीक्षा कराना नियमों की अवहेलना है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी पूर्व दिशा-निर्देशों में स्पष्ट है कि नामांकन, आवेदन और अधिसूचना जैसी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।

विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे प्रश्न

इस पूरे घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि बिना आवश्यक प्रक्रियाओं के परीक्षा कराई जाती है, तो उसकी वैधता पर भी प्रश्नचिह्न लग सकता है। अब देखना यह होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और छात्रों के हित में क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button