भीम नगर में पेट्रोल छिड़क कर घर फूंका; महिला और दो मासूमों ने भागकर बचाई जान

भीम नगर में पेट्रोल छिड़क कर घर फूंका; महिला और दो मासूमों ने भागकर बचाई जान
सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए बदमाशों ने शूट किया आगजनी का वीडियो, पुलिस पर देरी के आरोप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित भीम नगर में बदमाशों की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते तीन बदमाशों ने एक घर को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। जिस वक्त घर में आग लगाई गई, उस समय अंदर एक महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ सो रही थी। गनीमत रही कि समय रहते उनकी आंख खुल गई और उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। बदमाशों ने इस वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया है।
पति के जेल में होने का उठाया फायदा
पीड़िता ने बताया कि उसके पति पिछले दो महीने से जेल में हैं। इसी का फायदा उठाकर क्षेत्र के बदमाश मिथिलेश उर्फ गोलू और उसके दो नाबालिग साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के चारों ओर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, जिससे घर में रखा राशन, कपड़े और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
हैरानी की बात यह है कि आरोपी वारदात के समय डरे नहीं, बल्कि उन्होंने बाकायदा पेट्रोल डालते हुए वीडियो बनाया ताकि उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर खौफ पैदा कर सकें। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
पीड़िता का आरोप है कि वह रात 2 बजे ही थाने पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस ने उसे बिठाए रखा और कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की। जब अगले दिन महिला ने वीडियो जारी कर सोशल मीडिया पर मदद मांगी, तब जाकर पुलिस सक्रिय हुई।
इनका कहना है..
भीम नगर में आगजनी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। मुख्य आरोपी मिथिलेश उर्फ गोलू और दो नाबालिग सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
मनीष भारद्वाज, एसीपी







