सहारनपुर में फैक्टरी का बॉयलर फटने से बड़ा धमाका,2 कर्मचारियों की मौत
उद्घाटन के सिर्फ 6 दिन बाद हुआ हादसा

सहारनपुर,एजेंसी। यूपी के सहारनपुर जिले के शेखपुरा कदीम गांव के पास देर रात टायर ऑयल फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। हैरानी की बात यह है कि घटना उद्घाटन के सिर्फ 6 दिन बाद हुई है। विस्फोट इतना भयानक था कि इस घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। टायर से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से जोरदार धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पूरा इलाका अफरा-तफरी और चीख-पुकार से गूंज उठा।घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने घटनास्थल को सील कर दिया है और जांच टीम फैक्ट्री के अंदर से सबूत जुटाने में लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय फैक्ट्री में सामान्य कामकाज चल रहा था। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ जिसने आसपास के इलाके को हिला दिया। बॉयलर फटते ही आग की लपटें तेजी से पूरी फैक्ट्री में फैल गई। कुछ मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर फंस गए।
आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर में एसपी सिटी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह फैक्ट्री ब्रिजेश प्रजापति नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसका उद्घाटन अभी मात्र छह दिन पहले छोटी दिवाली के अवसर पर किया गया था।







