जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

गौरीघाट के उमाघाट में मिला मृत मगरमच्छ, श्रद्धालुओं में मची सनसनी; मौत के कारणों की जाँच में जुटा वन विभाग

​जबलपुर यश भारत। संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध नर्मदा तट गौरीघाट स्थित उमाघाट में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी के पानी में एक विशालकाय मगरमच्छ तैरता हुआ दिखाई दिया। घाट पर मौजूद श्रद्धालु मगरमच्छ को देख पहले तो दहशत में आ गए, लेकिन जब काफी देर तक उसमें कोई हलचल नहीं हुई, तो स्थानीय नाविक सत्येंद्र मल्लाह ने साहस जुटाकर पास जाकर देखा। करीब पहुँचने पर पता चला कि मगरमच्छ मृत अवस्था में पानी के ऊपर उतरा रहा था। नाविकों ने तत्काल इसकी सूचना गौरीघाट पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने वन विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
​सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम उमाघाट पहुँची और मृत मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित तरीके से वेटरनरी अस्पताल भिजवाया। अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। वर्तमान में वेटरनरी कॉलेज के विशेषज्ञों द्वारा मगरमच्छ का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह खुलासा हो पाएगा कि मगरमच्छ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है, किसी चोट की वजह से या फिर किसी अन्य कारण से। फिलहाल, माँ नर्मदा के पावन तट पर मगरमच्छ के मृत मिलने की घटना क्षेत्र में चर्चा और कौतूहल का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button