रात 9 बजे हमीदिया अस्पताल पहुंचे CM मोहन यादव, किया औचक निरीक्षण मरीजों से पूछा इलाज और दवाइयों का हाल, डॉक्टरों को लापरवाही नहीं बरतने की दी हिदायत

रात 9 बजे हमीदिया अस्पताल पहुंचे CM मोहन यादव, किया औचक निरीक्षण
मरीजों से पूछा इलाज और दवाइयों का हाल, डॉक्टरों को लापरवाही नहीं बरतने की दी हिदायत
भोपाल, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार रात करीब 9 बजे राजधानी के हमीदिया अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री ने विभिन्न वार्डों और इमरजेंसी विभाग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर इलाज की स्थिति, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। बदलते मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हीटर, आईसीयू और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान संबंधित रजिस्टर भी जांचे गए। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों और अस्पताल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।







