जमीन मुआवजा मामले में भोपाल कलेक्टर की गैरहाजिरी पर हाईकोर्ट सख्त , 500 के बाद अब 5 हजार का जमानती वारंट

जमीन मुआवजा मामले में भोपाल कलेक्टर की गैरहाजिरी पर हाईकोर्ट सख्त , 500 के बाद अब 5 हजार का जमानती वारंट
भोपाल, यशभारत। जमीन के मुआवजे से जुड़े एक पुराने मामले में अदालत में उपस्थिति न होने और पूर्व आदेशों के अनुपालन में ढिलाई पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस दीपक खोत की एकलपीठ ने कार्यालय कलेक्टर, भोपाल के वर्तमान पदधारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 5 हजार रुपये का जमानती वारंट जारी करने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला भोपाल निवासी अलका वाईकर एवं अन्य याचिकाकर्ताओं की याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान तय 80 वर्गफुट जमीन से अधिक भूमि का उपयोग किया गया, लेकिन अतिरिक्त हिस्से का उचित मुआवजा नहीं दिया गया। इससे पहले 11 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की उपस्थिति के लिए 500 रुपये का जमानती वारंट जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद 28 नवंबर को हुई सुनवाई में भी प्रशासन की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता प्रतीक जैन ने कोर्ट को मामले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद एकलपीठ ने वारंट राशि बढ़ाते हुए 5 हजार रुपये का जमानती वारंट जारी करने का निर्देश दिया और अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 तय की है।







