हिस्ट्रीशीटर बदमाश 4.12 किलो गांजे के साथ धराया

हिस्ट्रीशीटर बदमाश 4.12 किलो गांजे के साथ धराया
भोपाल, यशभारत। शहर के अलग-अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी और मारपीट जैसे 39 मामलों में दर्ज निगरानी बदमाश को थाना निशातपुरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4 किलो 123 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सलमान उर्फ काला के खिलाफ वर्ष 2008 से 2026 के बीच हनुमानगंज, कोतवाली, निशातपुरा, ऐशबाग, छोलामंदिर, बागसेवनिया, गौतमनगर, कमलानगर, अयोध्यानगर, बैरागढ़, कोलार रोड, तलैया, अशोकागार्डन और टीलाजमालपुरा थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उस पर म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मामले कायम हो चुके हैं।
27 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलमान उर्फ काला बाहर से गांजा लेकर एहसान नगर वाले रास्ते से पैदल आ रहा है। पुलिस टीम ने गवाहों के साथ एहसान नगर रोड पर कामरान भाई की दुकान के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी में उसके पिट्ठू बैग से 4 पैकेटों में रखा 4.123 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्टमें प्रकरण दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ की जा रही है।







