बरही अग्निकांड के 20 दिन बाद हटे तहसीलदार, कलेक्टर ने भेजा बाकल, आकाश नीरज की पोस्टिंग

कटनी, यशभारत। कलेक्टर आशीष तिवारी ने कल देर शाम जिले में चार तहसीलदारों के तबादला आदेश जारी किए। इसमे बरही के तहसीलदार आदित्य प्रकाश द्विवेदी भी शामिल हैं। उन्हें बरही से हटाकर बहोरीबंद तहसील के अंतर्गत बाकल वृत्त में पदस्थ किया गया है। कलेक्टर की इस कार्रवाई को बरही अग्निकांड से जोडक़र देखा जा रहा है। बरही के लोगों का कहना है कि जिस दिन बरही में अग्निकांड हुआ, उस दिन तहसीलदार आदित्य प्रकाश द्विवेदी भी मौके पर मौजूद नहीं थे। इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला अग्रवाल, बहू सोनम अग्रवाल, दो माह का मासूम अर्विश, 12 वर्षीय आर्या और 6 वर्षीय अन्वी शामिल है। 8 नवंबर दीपावली की रात बरही नगर में हृदयविदारक अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के आधा दर्जन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत की घटना के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए थे। जांच अधिकारी अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा को बनाया गया था। मामले की जांच भी शुरू हो गई है। इस घटना के बाद बरही में जनाक्रोश भी देखा गया था। अब इस घटना के करीब 20 दिन बाद तहसीलदार आदित्य प्रकाश द्विवेदी का तबादला किया जाना इसी घटना की परिणिति के रूप में देखा जा रहा है। कलेक्टर ने तहसील कटनी-नगर नजूल तहसीलदार आकाश नीरज को बरही तहसीलदार, तहसील बहोरीबंद वृत्त बाकल नायब तहसीलदार माधव प्रसाद मोंगरे को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तहसील बहोरीबंद एवं श्रीमती साक्षी शुक्ला तहसील कटनी नगर को अपने वर्तमान कार्य दायित्यों के साथ ही तहसीलदार नजूल की जिम्मेदारी सौंपी है। इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।







