संविधान दिवस पर जबलपुर में उमड़ा जनसैलाब: विवेक तन्खा बोले- अपनी सुविधा से संसद बुलाना निर्वाचित सांसदों का अपमान, कांग्रेस का ‘संविधान रक्षा मार्च’ संपन्न; शीतकालीन सत्र में देरी, मतदाता सूची और पांच दिनी विधानसभा सत्र पर गरजे दिग्गज

जबलपुर। संविधान दिवस पर गुरुवार को संस्कारधानी में कांग्रेस का भव्य ‘संविधान रक्षा मार्च’ बड़ी संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच संपन्न हुआ। गोल बाजार से शुरू होकर मालवीय चौक पर समाप्त हुए इस मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
मार्च को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने कहा कि 20 नवंबर के बाद संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक कोई सूचना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष अपनी सुविधा और बिल पास कराने के हिसाब से संसद बुलाता है, जो निर्वाचित सांसदों का अपमान है। आपातकाल से जुड़े सवालों पर तन्खा ने स्पष्ट किया कि वे इसका समर्थन नहीं करते, पर आज देश को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जिसकी संविधान, संसद, कार्यपालिका और न्यायपालिका के प्रति सच्ची आस्था हो।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा और आरएसएस पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची में गड़बड़ी, परीक्षा प्रणाली, मीडिया पर अंकुश और जंगल की जमीन उद्योगपतियों को सौंपने के मुद्दे उठाए। उन्होंने सवाल किया कि सात करोड़ जनता के मुद्दों के लिए विधानसभा का महज पांच दिन का सत्र कैसे पर्याप्त हो सकता है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि क्रांति भूमि जबलपुर से संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा का संदेश पूरे देश में जा रहा है।







