कटनी

50 हजार लेते सहायक संचालक गिरफ्तार, अधिकारी की पत्नी ने बंगले के बाहर फेंके रूपए, लोकायुक्त ने बनाया सह आरोपी

कटनी/पन्ना, यशभारत। पड़ोसी जिले पन्ना में लोकायुक्त पुलिस सागर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के मामले में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में उनकी पत्नी रवि खरे को भी सह आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि जैसे ही लोकायुक्त की टीम बंगले पर पहुंची, अधिकारी की पत्नी ने रिश्वत की रकम बंगले के बाहर फेंक दिया। मामला पवई विकासखंड के मनकी नारायणपुर गांव का है। यहां के निवासी भगवत साहू और उनकी पत्नी गेंदाबाई साहू ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजना के तहत आटा चक्की लगाने के लिए बैंक से ऋण लिया था। पत्नी को 6 लाख 80 हजार और भगवत साहू को 5 लाख 80 हजार रुपये का लोन मिला था। योजना के तहत दोनों को क्रमश: 2 लाख 30 हजार और 2 लाख 20 हजार रुपये की सब्सिडी भी स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव ने सब्सिडी जारी नहीं होने देने संबंधी पत्र बैंक को भेज दिया, जिससे दोनों के खातों में सब्सिडी की राशि अटक गई। इसके बाद सब्सिडी जारी कराने के एवज में दोनों हितग्राहियों से 2 लाख रुपये की रिश्चत मांगी, वहीं पवई के ब्लॉक अधिकारी पर भी 60 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह पहले ही दो किस्तों में 20 हजार रुपये दे चुका था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर उसने लोकायुक्त सागर में शिकायत की। लोकायुक्त टीम ने 19 नवंबर को 10 हजार रुपये की दूसरी किस्त के दौरान मामले का सत्यापन किया। इसके बाद तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने की योजना बनाई गई। सोमवार शाम करीब 7 बजे शिकायतकर्ता अधिकारी के शासकीय आवास पर रुपये देने पहुंचा। इसी दौरान लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर अधिकारी को पकड़ लिया। लोकायुक्त निरीक्षक रोशनी जैन ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। उनकी पत्नी द्वारा रकम बाहर फेंके जाने के कारण उन्हें भी सह आरोपी बनाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button