चांदबड़ में जुए की फड़ पर पुलिस की दबिश, 12 आरोपी गिरफ्तार

चांदबड़ में जुए की फड़ पर पुलिस की दबिश, 12 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल यश भारत। भोपाल के स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदबड़ में जुए की फड़ पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में क्षेत्र का एक सूचीबद्ध गुंडा बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने मौके से 36 हजार 780 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झंडा चौक, चांदबड़ स्थित विवेक शर्मा के खंडहरनुमा मकान में ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर सर्च वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद उपनिरीक्षक जय नारायण रघुवंशी ने पुलिस टीम और गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी, जहां 12 लोग जुआ खेलते हुए मिले।
पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई कर सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज किया। जुआ एक्ट के तहत अपराध जमानती होने के कारण शुरुआत में आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत न्यायालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान मकान मालिक विवेक शर्मा और सूचीबद्ध बदमाश अभिषेक अहिरवार सहित अन्य आरोपियों ने हंगामा और चिल्ला-चोंट शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी 12 आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।







